न्यूज डेस्क
14 March, 2026
अन्य
नीमच। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को अपने अल्प प्रवास के दौरान सर्किट हाउस नीमच में जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति, आवश्यक व्यवस्थाओं और आगामी चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की स्थिति, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्रीष्मकाल में संभावित जल संकट से निपटने की तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को लेकर पहले से ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा तौल, भुगतान और परिवहन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और पारदर्शिता के साथ उपार्जन कार्य संपन्न कराया जाए।
बैठक में जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याएं और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव रखे। प्रभारी मंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंकित पड्या, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
इससे पूर्व सर्किट हाउस पहुंचने पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल सहित अन्य अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने भी उनका आत्मीय अभिनंदन किया। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया नीमच से मंदसौर के लिए रवाना हो गईं।