न्यूज डेस्क
11 March, 2026
अन्य
नीमच। अग्रवाल विकास समिति नीमच और श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में सीएसवी अग्रोहा भवन, गोमाबाई रोड पर दिव्यांगजनों के लिए भव्य कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण व निःशुल्क उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष गोपालकृष्ण गर्ग (जीएमडी), सचिव सुनील सिंहल और कोषाध्यक्ष अनिल मंगल ने संयुक्त विज्ञप्ति में बताया कि इस शिविर में जयपुर से विशेषज्ञ टीम अपनी वर्कशॉप के साथ नीमच आएगी। जिन दिव्यांगजनों के हाथ या पैर कट गए हैं, उनका नाप लेकर वहीं कृत्रिम अंग (जयपुर फुट) तैयार कर लगाए जाएंगे।
इसके अलावा जरूरतमंद दिव्यांगों को जांच के बाद ट्रायसिकल, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र, इलेक्ट्रिक स्टिक, छड़ी, आर्म स्टिक, व्हीलचेयर और वॉकर जैसे उपकरण भी निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।
शिविर के लिए दिव्यांगजनों का पंजीयन 1 मार्च से सीएसवी अग्रोहा भवन नीमच में लगातार जारी है। पंजीकृत दिव्यांगों के लिए भोजन की व्यवस्था के साथ आवश्यकता पड़ने पर आवास की सुविधा भी समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
पंजीयन के लिए दिव्यांगजन आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाण पत्र के साथ संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी और पंजीयन के लिए व्हाट्सएप नंबर 6260614304 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
पंजीयन कार्य में गोपाल अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, अशोक सिंहल, बनवारीलाल गोयल, चन्द्रप्रकाश अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, गुणवंत गोयल, इंजी. द्वारका बंसल और राजेश गोयल कनावटी सहित कई अग्रवाल बंधु अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
समिति पदाधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि जरूरतमंद दिव्यांगों को इस शिविर की जानकारी देकर उनका पंजीयन करवाएं और मानवता की सेवा के इस अभियान में सहभागी बनें।