न्यूज डेस्क
11 March, 2026
अन्य
नीमच। थाना नीमच सिटी क्षेत्र में हाईवे रोड स्थित बरखेड़ा हाड़ा पेट्रोल पम्प पर रास्ता भटके दो मासूम बच्चों को डायल-112 पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ से उनके परिजनों से मिलवा दिया।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि नीमच सिटी थाना क्षेत्र के हाईवे रोड स्थित बरखेड़ा हाड़ा पेट्रोल पम्प पर दो छोटे बच्चे अकेले खड़े हैं और अपने परिजनों से बिछड़ गए हैं। सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ सहायक उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह चौहान और पायलट विनोद शर्मा ने बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लिया और उनसे जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि वे एक पिकअप वाहन में परिजनों के साथ जा रहे थे। पेट्रोल पम्प पर पिकअप में पेट्रोल भरवाते समय वे पानी पीने के लिए नीचे उतर गए, इसी दौरान पिकअप आगे निकल गई और वे पीछे रह गए।
इसके बाद डायल-112 जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप के नंबर के आधार पर संपर्क नंबर प्राप्त किया और परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। पुलिस ने बच्चों को एफआरवी वाहन से सुरक्षित थाना नीमच सिटी पहुंचाया।
थाने में परिजनों के पहुंचने पर बच्चों की पहचान और सत्यापन के बाद उन्हें सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और परिजनों ने राहत की सांस ली।