ताजासमाचार

शीतला सप्तमी पर माहेश्वरी महिला मंडल की गणगौर शोभायात्रा, शहर में दिखा उत्सव का रंग

न्यूज डेस्क 10 March, 2026 अन्य

नीमच। शीतला सप्तमी के पावन अवसर पर शहर में आस्था, परंपरा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गणगौर की भव्य “जेल” (शोभायात्रा) निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी शामिल हुईं। बैंड-बाजों की मधुर धुनों और गणगौर के पारंपरिक गीतों के बीच निकली इस शोभायात्रा ने शहर के माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।

गणगौर की यह शोभायात्रा गांधी वाटिका से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई माहेश्वरी भवन पहुंची। यहां पहुंचने के बाद महिलाओं ने विधि-विधान से ईसर-गौरा की पूजा-अर्चना की और पारंपरिक रूप से गणगौर के झाले दिए। इससे पहले गांधी वाटिका में ईसर-गौरा के रूप में सजी महिलाओं के बीच विभिन्न रोचक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शोभायात्रा के दौरान महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर नृत्य करती हुई नजर आईं। बैंड-बाजों की धुन पर थिरकती महिलाओं की टोली और गणगौर के गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। आयोजन में माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष अनीता समदानी, सचिव अर्चना बाहेती, कोषाध्यक्ष वर्षा मूंदड़ा, उपाध्यक्ष शारदा गट्टानी सहित कार्यकारिणी सदस्य शारदा दरक, जिज्ञासा लोंगड़, गुंजन दरक, मंजू समदानी, सपना माहेश्वरी और दीपिका मांदन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

गणगौर पर्व का महत्व
गणगौर राजस्थान और मालवा क्षेत्र का एक प्रमुख पारंपरिक पर्व है, जिसे महिलाएं विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाती हैं। “गण” का अर्थ भगवान शिव (ईसर) और “गौर” का अर्थ माता पार्वती (गौरा) से है। यह पर्व शिव-पार्वती के दांपत्य प्रेम, सौभाग्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि माता पार्वती ने कठोर तपस्या कर भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त किया था। इसी कारण अविवाहित युवतियां अच्छे वर की कामना से और विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि तथा परिवार के मंगल की कामना से गणगौर का व्रत और पूजन करती हैं।

नीमच में माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा आयोजित यह गणगौर “जेल” शहर की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का एक सुंदर प्रयास साबित हुई।

Related Post