डेस्क न्यूज
10 March, 2026
अन्य
नीमच। उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को नीमच जिले में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में आयोजित इस शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर के दौरान जनसुनवाई के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित किया गया। इस दौरान आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे एसपी अंकित जायसवाल के समक्ष रखीं। एसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से त्वरित कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की कुल 21 लंबित शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद किया गया। वहीं जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान लगभग 25 फरियादी उपस्थित हुए, जिन्होंने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं। एसपी अंकित जायसवाल ने सभी मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों को जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
एसपी अंकित जायसवाल ने राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाली शिकायतों, विशेष रूप से भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देकर उनका शीघ्र निराकरण किया जाए।
जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, संबंधित शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।