ताजासमाचार

नीमच में श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ

डेस्क न्यूज 09 March, 2026 अन्य

नीमच। स्कीम नंबर 36-ए स्थित जाजू नगर के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के शुभारंभ से पूर्व सोमवार को कलश यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।

कलश यात्रा का शुभारंभ मंदिर से हुआ। यात्रा में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर रामधुन और भजनों का गायन करती हुई आगे बढ़ीं, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया। श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में समाप्त हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।

आयोजन समिति के अनुसार, प्रसिद्ध कथावाचक पंडित मनोहर नागदा (कानाखेड़ा वाले) के श्रीमुख से कथा का वाचन किया जाएगा। यह सात दिवसीय कथा 9 मार्च से 15 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे मंदिर प्रांगण में आयोजित की जाएगी। कथा में भगवान शिव की महिमा, भक्ति और धर्म से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का विस्तृत वर्णन होगा, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे।

यह धार्मिक आयोजन श्री रामभक्त मंडल एवं स्कीम नंबर 36-ए के समस्त कॉलोनीवासियों के सहयोग से किया जा रहा है।

Related Post