ताजासमाचार

रैगर समाज क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, ग्रामीण खिलाड़ियों ने दिखाया दम

डेस्क न्यूज 09 March, 2026 अन्य

नीमच। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश रैगर समाज युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में रैगर समाज के बच्चों की क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता में छह टीमों ने भाग लिया और पहले दिन तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने रोमांचक प्रदर्शन किया।

पहला मैच पिपलिया रावजी और चीता खेड़ा टीम के बीच खेला गया। चीता खेड़ा टीम ने 6.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 71 रन बनाए। जवाब में पिपलिया रावजी टीम 9.5 ओवर में 65 रन पर ही सिमट गई। इस प्रकार चीता खेड़ा ने 6 विकेट से मैच जीत लिया। चीता खेड़ा के महेश जाबरडोलिया ने 2 ओवर में 6 रन देकर 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया।

दूसरा मैच बघाना और दाता टीम के बीच खेला गया। बघाना टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 172 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में दाता टीम 9 विकेट के नुकसान पर 71 रन ही बना सकी और बघाना ने 101 रन से जीत दर्ज की। बघाना के विनोद बरोलिया ने 26 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए और गेंदबाजी में 2 ओवर में 8 रन देकर 4 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने।

तीसरा मुकाबला बघाना बी और चीता खेड़ा के बीच खेला गया। चीता खेड़ा टीम ने 4.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 56 रन बनाए। इस मैच में चीता खेड़ा के साहिल आर्य ने 2 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।

मैचों में अंपायर की भूमिका युवराज सिंह राजपूत और अजय चौहरा ने निभाई, जबकि स्कोरिंग युवराज और कमेंट्री हेमंत आर्य द्वारा की गई।

प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में मध्यप्रदेश प्रांतीय रैगर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल आर्य चंगेरिवाल, संरक्षक सूरजमल बकोलिया, दिलीप कुमार जाबडोलिया, रामप्रसाद सुखरिया, सूर्यप्रकाश बकोलिया, अशोक मौर्य, रोशन वर्मा (नमो ग्रुप प्रदेश अध्यक्ष), राजू सोलंकी, रवि जैन सहित कई समाजसेवी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का समापन समारोह 9 मार्च को आयोजित होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबूलाल आर्य चंगेरिवाल करेंगे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में पवन पाटीदार, तरुण बाहेती, मन्नू बना बांग्रेड, दिलीप जाबडोलिया सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहेंगे।

मध्यप्रदेश रैगर समाज युवा प्रकोष्ठ के संयोजक किशन जैनवार ने बताया कि समाज की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें मध्यप्रदेश के साथ-साथ राजस्थान की टीमें भी भाग ले रही हैं।

आज के मैच
सोमवार सुबह 9 बजे सरवानिया महाराज और बघाना ‘ए’ के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। दूसरा मैच चीता खेड़ा और बाड़ी के बीच होगा। तीसरा मुकाबला दोनों ग्रुप की विजेता टीमों के बीच खेला जाएगा।

Related Post