डेस्क न्यूज
09 March, 2026
अन्य
नीमच। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुभ प्रभात योग मित्र मंडल द्वारा गांधी वाटिका योग मैदान में समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नीमच नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में पिछले एक दशक में तीव्र और क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं, जिनमें महिलाओं की भागीदारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं कभी आर्थिक गतिविधियों में केवल सहायक मानी जाती थीं, आज वे उद्यमिता, प्रबंधन, डिजिटल कॉमर्स और वित्तीय नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ग्रामीण भारत में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं ने आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत मॉडल प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। महिलाओं के सम्मान और प्रोत्साहन के बिना कोई भी समाज या राष्ट्र प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने धर्म और आध्यात्मिक क्षेत्र में जया किशोरी, खेल के क्षेत्र में सानिया मिर्जा, राजनीति में स्मृति ईरानी और गायन के क्षेत्र में लता मंगेशकर को प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम सुबह 7:12 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें महिलाओं को “मातृशक्ति समाज सेवा रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शुभ प्रभात योग मित्र मंडल के अध्यक्ष अनिल सिंहल, योग गुरु दिलीप चौधरी और शिव माहेश्वरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर योग प्रशिक्षण भी मातृशक्ति द्वारा ही प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने लाल तथा पुरुषों ने श्वेत परिधान पहनकर सहभागिता निभाई। इस अवसर पर योग करने वाली महिलाओं ने नारी शक्ति के जीवन चरित्र पर आधारित “नारी शक्ति महान है” विषय पर नृत्य-नाटिका, सांस्कृतिक नृत्य, अभिनय और प्रेरणा गीतों की प्रस्तुतियां दीं। महिलाओं ने झांसी की रानी, क्रिकेट खिलाड़ी और लता मंगेशकर जैसी महान हस्तियों की भूमिकाओं में अपनी कला का प्रदर्शन किया।
इस दौरान डॉ. माधुरी चौरसिया ने भारत माता की भूमिका में प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम का संचालन दिलीप चौधरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन अध्यक्ष अनिल सिंहल ने किया।