ताजासमाचार

273 करोड़ से अधिक का बजट पारित, परिषद बैठक में हंगामे के बीच सर्वसम्मति से मिली मंजूरी

न्यूज डेस्क 06 March, 2026 अन्य

नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच के साधारण सम्मेलन में शुक्रवार को वर्ष 2026–27 के लिए 273 करोड़ 77 लाख 72 हजार 756 रुपये का अनुमानित बजट पारित कर दिया गया। राजस्व सभापति वंदना खंडेलवाल द्वारा प्रस्तुत इस बजट को परिषद ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। हालांकि बजट पर चर्चा के दौरान कुछ समय के लिए परिषद में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति भी बन गई।

बैठक के दौरान बंगला बगीचा के व्यवस्थापन को लेकर नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा आमने-सामने हो गए। चर्चा के दौरान योगेश प्रजापति ने नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि अध्यक्ष के पति नगर पालिका के कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। इस पर अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कड़ा विरोध जताया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के चलते कुछ देर के लिए सदन का माहौल गरमा गया और परिषद में हंगामे की स्थिति बन गई।

कांग्रेस पार्षदों ने बजट और नगर पालिका के कामकाज को लेकर कई सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि वर्तमान परिषद के कार्यकाल में कोई नया बगीचा विकसित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में घोषित फूड जोन सहित कई विकास कार्य अब तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। नगर पालिका में केवल रूटीन कार्य किए जा रहे हैं और बजट आंकड़ों की बाजीगरी बनकर रह गया है।

बैठक में शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी जोरशोर से उठाए गए। भाजपा पार्षद वीरेंद्र पाटीदार ने महेश सर्कल से विश्वकर्मा सर्कल तक सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नगर पालिका को आमजन की आवश्यक सुविधाओं पर अधिक ध्यान देना चाहिए। वहीं नीरज अहीर और योगेश प्रजापति ने बघाना क्षेत्र में निर्माणाधीन संजीवनी क्लिनिक के अधूरे कार्य को लेकर सवाल उठाए और जल्द काम पूरा कराने की मांग की।

इसके अलावा परिषद में स्विमिंग पूल के शुल्क, प्राइवेट बस स्टैंड से कम आय तथा टेंट पर हो रहे अधिक खर्च को लेकर भी सदस्यों ने आपत्ति जताई। पार्षदों का कहना था कि नगर पालिका की आय के स्रोतों को मजबूत करने और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण की जरूरत है।

राजस्व सभापति वंदना खंडेलवाल ने बजट प्रस्तुत करते हुए बताया कि नगर पालिका की कुल अनुमानित आय 2 अरब 73 करोड़ 77 लाख 72 हजार 756 रुपये आंकी गई है। इसमें नगर पालिका कर एवं दर से 32 करोड़ 34 लाख 50 हजार रुपये, विशेष अधिनियम के अंतर्गत 2 करोड़ रुपये, अन्य स्रोतों से 5 करोड़ 88 लाख 55 हजार रुपये, जलकर से 72 करोड़ 60 लाख रुपये, विविध प्राप्तियों से 6 करोड़ 53 लाख रुपये, विकास शाखा से 82 लाख 50 हजार रुपये तथा असाधारण एवं ऋण मद से 104 करोड़ 57 लाख 50 हजार रुपये की आय का अनुमान शामिल है। इसके साथ ही 2 करोड़ 32 लाख 55 हजार रुपये का प्रारंभिक शेष भी जोड़ा गया है।

वहीं व्यय मदों में सामान्य प्रशासन एवं संचालन पर 14 करोड़ 66 लाख 69 हजार 400 रुपये, सार्वजनिक सुरक्षा पर 13 करोड़ 21 लाख 55 हजार 399 रुपये, जनस्वास्थ्य एवं सुविधाओं पर 40 करोड़ 21 लाख 67 हजार 627 रुपये, लोक निर्माण कार्यों पर 131 करोड़ 32 लाख 40 हजार 875 रुपये, सार्वजनिक शिक्षा पर 3 करोड़ 4 लाख रुपये, विकास शाखा पर 58 करोड़ 35 लाख रुपये तथा असाधारण एवं ऋण मद में 1 करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये खर्च का प्रावधान किया गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि यह बजट शहर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि बजट में बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। अब देखना होगा कि परिषद अपने शेष कार्यकाल में इन योजनाओं को कितनी तेजी से धरातल पर उतार पाती है।

Related Post