डेस्क न्यूज
01 March, 2026
अन्य
नीमच। शनिवार शाम चीताखेड़ा स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पेट्रोल भरवाते समय एक युवक ने मोबाइल फोन रिसीव कर लिया और कुछ ही क्षणों में उसकी बाइक के पास आग भड़क उठी। देखते ही देखते वाहन लपटों में घिर गया और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बाइक में ईंधन भरवा रहा था। तभी उसका मोबाइल फोन बजा और उसने पंप परिसर में ही कॉल उठा ली। कुछ ही सेकंड बाद बाइक के पास आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी, क्योंकि पेट्रोल पंप पर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद रहता है।
हालांकि पंप कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तुरंत अग्निशमन उपकरणों का उपयोग किया और कुछ ही क्षणों में आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहन और लोग सुरक्षित बच गए। बाइक सवार युवक के हल्के झुलसने की सूचना है।
घटना के बाद पंप परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग घबराकर दूर हटने लगे। यदि आग फैलती तो बड़ा विस्फोट भी हो सकता था।
गौरतलब है कि पेट्रोल पंपों पर ‘नो मोबाइल’ के स्पष्ट बोर्ड लगे होते हैं। कई स्थानों पर मोबाइल उपयोग प्रतिबंधित होने के संदेश और चेतावनी चित्र भी अंकित रहते हैं, फिर भी लोग लापरवाही बरतते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार पेट्रोल की वाष्प अत्यंत ज्वलनशील होती है और हवा में तेजी से फैलती है। मोबाइल की बैटरी या सर्किट से उत्पन्न सूक्ष्म चिंगारी भी आग भड़काने के लिए पर्याप्त हो सकती है।
घटना के बाद पंप प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि ईंधन भरवाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।