ताजासमाचार

विदेशी ट्रेड डील व एआई समिट में गिरफ्तारियों के विरोध में नीमच में यूथ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, अर्धनग्न होकर जताया रोष

डेस्क न्यूज 28 February, 2026 राजनीति

नीमच। विदेशी ट्रेड डील और एआई समिट के दौरान हुई गिरफ्तारियों के विरोध में शुक्रवार शाम नीमच में यूथ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। विजय टॉकीज चौराहे पर एकत्रित कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया।

यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की संपत्ति और किसानों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय बिना पारदर्शिता के ले रही है। उनका कहना था कि राष्ट्रीय स्तर पर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने के दौरान एआई समिट में उदय भानु चिब सहित 12 नेताओं को गिरफ्तार किया गया, जो पूरी तरह असंवैधानिक है। प्रदर्शनकारियों ने सभी नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए इसे युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास बताया।

जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार नेताओं को शीघ्र रिहा नहीं किया गया और कथित जनविरोधी नीतियों पर पुनर्विचार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कई कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से अर्धनग्न होकर विरोध दर्ज कराया।

यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह (मन्नू बन्ना) ने कहा कि युवाओं और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद के बजाय दमन की नीति अपना रही है, जो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक संकेत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन लोकतांत्रिक दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है, लेकिन अनदेखी जारी रही तो चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की कि विदेशी ट्रेड डील को सार्वजनिक किया जाए और उसकी शर्तों को स्पष्ट किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि यदि डील देशहित में है तो सरकार को पारदर्शिता बरतनी चाहिए। किसानों और युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील भी की गई। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post