डेस्क न्यूज
27 February, 2026
अन्य
नीमच | शहर के महाराणा बंगला रोड स्थित ‘उदय इंटरप्राइजेस’ में हुई सेंधमारी की वारदात का आखिरकार खुलासा हो गया है। दीवार में छेद कर और शटर उचकाकर की गई इस चोरी ने व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन जांच के बाद केंट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया।
फरियादी सुदीप पिता दौलतसिंह बावेल (58) निवासी बंगला नंबर 45, सीआरपीएफ रोड ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान रोडवेज बस स्टैंड बी-ब्लॉक में स्थित है। 22 फरवरी को रविवार होने से दुकान बंद थी। 23 फरवरी की सुबह पड़ोसी के फोन पर जब वे दुकान पहुंचे तो दीवार में छेद और शटर उचका मिला। अंदर कैश काउंटर का ताला टूटा हुआ था, काउंटर में रखे 5 हजार रुपये नकद और आधार कार्ड गायब थे, जबकि सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
सूचना मिलते ही नीमच केंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया।
जांच के दौरान मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। लगातार निगरानी और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक पिता कुलदीप कश्यप निवासी ग्राम टटीयाना, जिला कैथल (हरियाणा) को नीमच बस स्टैंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की नकदी और घटना में उपयोग किए गए औजार बरामद कर लिए हैं।