ताजासमाचार

नीमच-सींगोली सड़क निर्माण में बड़ी लापरवाही: सड़क हादसे में युवक की मौत, पुलिस ने गंभीर धाराओं में ठेकेदार पर किया मामला दर्ज

न्यूज डेस्क 24 February, 2026 अन्य

नीमच। डीकेन चौकी क्षेत्र के अंतर्गत  लक्ष्मीपुरा ओर दड़ोली के बीच रूपहेली  पुलिया पर हुए दर्दनाक हादसे के मामले में पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। रविवार देर शाम निर्माणाधीन पुलिया में बाइक गिरने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से सौरभ गंगवाल की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक अस्पताल में भर्ती है।

डीकेन चौकी से मिली जानकारी के अनुसार 23 फरवरी, सोमवार रात्रि में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। निर्माण कार्य कर रही सांवलिया कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार दीपक पिता बाबूलाल तेली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(ए) एवं 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी सामने आई है। मौके पर न तो चेतावनी बोर्ड लगे थे और न ही बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था थी। अंधेरा होने के कारण निर्माणाधीन हिस्सा स्पष्ट दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि लापरवाही प्रमाणित होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और नागरिकों ने निर्माण कार्यों में अनिवार्य सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Post