डेस्क न्यूज
23 February, 2026
अन्य
नीमच। शहर को स्वच्छता के साथ स्वस्थ वातावरण देने के संकल्प के तहत नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर के प्रमुख बगीचों का व्यापक सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य आमजन को शुद्ध हवा, हरियाली और स्वच्छ माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिक स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर हो सकें।
सोमवार 23 फरवरी को अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने उपाध्यक्ष रंजना करण सिंह परमाल, स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित और पार्षद योगेश कवीश्वर के साथ शहर के प्रमुख उद्यानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गांधी वाटिका, महावीर वाटिका और शिक्षक कॉलोनी स्थित बालाजी मंदिर बगीचे में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा बगीचा शाखा प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बगीचा शाखा प्रभारी महावीर जैन भी इस दौरान उपस्थित रहे।
अध्यक्ष चोपड़ा ने बताया कि वर्तमान में शहर के 18 बगीचों में लाखों रुपए की लागत से रंग-रोगन, आकर्षक लाइटिंग, पौधों की कटिंग, नए पौधारोपण सहित कई विकास कार्य किए गए हैं। गांधी वाटिका में सौंदर्यीकरण का कार्य निरंतर जारी है। यहां पाथवे पर एक्यूप्रेशर टाइल्स लगाने और मंदिर के पास गेट से अंदर तक सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इन प्रयासों से बगीचे न सिर्फ खूबसूरत बने हैं, बल्कि आमजन का रुझान भी तेजी से बढ़ा है।
नमो पार्क बनेगा शहर का प्रमुख आकर्षण
ग्वालटोली तलैया के पास करोड़ों रुपए की लागत से नमो पार्क विकसित किए जाने की योजना भी तैयार है। पार्क की ड्राइंग-डिजाइन पूर्ण हो चुकी है। यहां आधुनिक लाइटिंग, मनमोहक फव्वारे, बच्चों के मनोरंजन के साधन और आकर्षक पाथवे का निर्माण किया जाएगा, जिससे यह पार्क शहर की नई पहचान बनेगा।
मोबाइल से दूरी, बगीचों से दोस्ती का संदेश
अध्यक्ष चोपड़ा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चे से लेकर बड़े तक मोबाइल में व्यस्त रहते हैं और अपने स्वास्थ्य के लिए समय नहीं निकाल पाते। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि प्रतिदिन कम से कम एक घंटा मोबाइल से दूर रहकर परिवार के साथ बगीचों में समय बिताएं। इससे परिवार में सकारात्मक माहौल बनेगा और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह कदम बेहद लाभकारी होगा।
इन बगीचों का हुआ सौंदर्यीकरण
शहर के जिन बगीचों का कायाकल्प किया गया है, उनमें गांधी वाटिका, महावीर वाटिका, शिक्षक कॉलोनी स्थित बालाजी मंदिर बगीचा, राजस्व कॉलोनी बगीचा, राठौर पार्क (नीमच सिटी), शांति नगर के दो बगीचे, विकास नगर स्थित योगेश्वर महादेव मंदिर बगीचा, स्कीम नंबर 36 स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर बगीचा, इंदिरानगर का कपिशेश्वर मंदिर बगीचा, पंचवटी कॉलोनी बगीचा, वीनू वाटिका (जवाहर नगर), अमृत गार्डन (जवाहर नगर), स्कीम नंबर 34 स्थित अमृत गार्डन, बंगला नंबर 55 स्थित बगीचा, वार्ड क्रमांक 23 में बाबू भाई कचोरी वाले के सामने स्थित बगीचा, स्कीम नंबर 7 में कालका माता मंदिर बगीचा, वार्ड क्रमांक 18 में आसमानी माता मंदिर बगीचा और इंदिरानगर का रंजीत हनुमान मंदिर बगीचा शामिल हैं। शेष बगीचों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।
स्वच्छ और स्वस्थ नीमच के इस अभियान से शहर की फिजां में हरियाली की खुशबू घुल रही है और नागरिकों को एक बेहतर, सुरक्षित और सुंदर वातावरण मिलने की उम्मीद मजबूत हो रही है।