डेस्क न्यूज़
23 February, 2026
अन्य
नीमच | “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत 23 फरवरी को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी भवन, जिला चिकित्सालय परिसर में दिव्यांग प्रमाण-पत्र निर्माण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें नीमच नगर पालिका क्षेत्र के बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और मौके पर ही प्रमाण-पत्र प्राप्त किए।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं की गहन जांच की गई। पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें तत्काल दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए गए। पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण तथा प्रमाण-पत्र वितरण हेतु अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। इससे दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की असुविधा या अनावश्यक भागदौड़ का सामना नहीं करना पड़ा।
नगर पालिका प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना था। शिविर के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राही अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति, ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरणों सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे।
सिविल सर्जन महेंद्र पाटिल ने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन प्रमाण-पत्र बनवाकर शासन की योजनाओं से जुड़ें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय पर सुविधा मिल सके और उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर के दौरान एसडीएम संजीव साहू तथा सीएमओ दुर्गा बामनिया ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों से चर्चा कर सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि यह शिविर विशेष रूप से नीमच नगर पालिका क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।