ताजासमाचार

फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के खिलाफ नारायणी सेना का प्रदर्शन, रिलीज पर रोक की मांग

डेस्क न्यूज़ 23 February, 2026 अन्य

नीमच | फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के विरोध में नारायणी सेना (अहीर यादव समाज) ने नीमच जिले के ग्राम धनेरिया कला में प्रदर्शन किया। समाजजनों ने पोस्टर-बैनर के साथ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से फिल्म की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म में अहीर यादव समाज की छवि को गलत ढंग से प्रस्तुत किए जाने की आशंका है। उनका आरोप है कि यदि किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक दृश्य या संवाद पाए जाते हैं तो उन्हें हटाया जाना चाहिए। साथ ही, जब तक आपत्तियों का समाधान न हो जाए, तब तक फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि अहीर यादव समाज का देश की सामाजिक, राजनीतिक और सैन्य परंपराओं में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसलिए किसी भी माध्यम से उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन और सेंसर बोर्ड से इस विषय को गंभीरता से लेकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने हेतु उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।

प्रदर्शन में संगठन के कई पदाधिकारी और समाजजन उपस्थित रहे। समाज की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि 27 फरवरी को फिल्म रिलीज की जाती है और उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तो वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक स्तर पर विरोध जारी रखेंगे।

Related Post