ताजासमाचार

कड़ी अनुशासन की मिसाल: एसपी अंकित जायसवाल ने पुलिस लाइन में जनरल परेड का किया निरीक्षण, बेहतर टर्नआउट पर सम्मान

डेस्क न्यूज 21 February, 2026 अन्य

नीमच। जिला पुलिस लाइन कनावटी स्थित परेड ग्राउंड पर शुक्रवार सुबह अनुशासन और एकरूपता का शानदार नज़ारा देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने जनरल परेड का निरीक्षण किया।
पुलिस विभाग में अनुशासन को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में 20 फरवरी 2026, शुक्रवार को सुबह 7 बजे रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया द्वारा प्लाटून को परेड ग्राउंड में खड़ा किया गया। प्रातः 7:15 बजे एसपी के आगमन पर परेड कमांडर ने सलामी दी और निरीक्षण के लिए आमंत्रित किया।

एसपी जायसवाल ने प्लाटूनवार परेड का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन एवं समन्वय की जांच की। सुबह 7:30 बजे मार्चपास्ट हुआ और 8:10 बजे परेड का विधिवत विसर्जन किया गया।

जनरल परेड के पश्चात एसपी ने पुलिस लाइन स्थित स्टोर, एमटी शाखा और आर्मोरी का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया गया, वहीं लापरवाही बरतने वालों को भविष्य के लिए चेतावनी दी गई।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक निलेष अवस्थी, थाना प्रभारी बघाना निरीक्षक राधेश्याम डांगी, थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक शब्बी मेव सहित पुलिस लाइन, विभिन्न थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कुल 74 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जनरल परेड के माध्यम से पुलिस बल में अनुशासन, तत्परता और टीम भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Related Post