ताजासमाचार

26 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, हवाई पट्टी इलाके में सनसनी — जिला अस्पताल में मृत घोषित

डेस्क न्यूज 18 February, 2026 अन्य

नीमच। शहर के हवाई पट्टी नीमच क्षेत्र में मंगलवार शाम एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। बघाना थाना क्षेत्र के इस मामले में 26 वर्षीय पुष्कर मीणा ने अपने ही कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्कर मीणा, पिता रंगलाल मीणा, मूल निवासी ग्राम ग्वाल देव्या के थे और वर्तमान में हवाई पट्टी क्षेत्र में रहकर शहर के एक होंडा शोरूम में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे रोज की तरह शाम करीब 6 बजे ड्यूटी से घर लौटे। कुछ देर बाद उन्होंने कमरे में जाकर साड़ी से फंदा बनाया और फांसी लगा ली।

घटना के समय परिजन घर पर ही मौजूद थे, लेकिन जब तक उन्हें इसकी भनक लगी, तब तक युवक अचेत अवस्था में लटक रहा था। परिजन तत्काल उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां शाम लगभग 8 बजे चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों व आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
 

Related Post