ताजासमाचार

भक्ति और रंगों से सराबोर हुआ गोपाल मंदिर ! श्याम गोपाल महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया फाग उत्सव, राधा-कृष्ण झांकी ने मोहा मन

डेस्क न्यूज 17 February, 2026 अन्य

नीमच। शहर के गोपाल मंदिर में श्याम गोपाल महिला मंडल, नीमच द्वारा फाग उत्सव श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। दोपहर 2:30 बजे प्रारंभ हुआ यह आयोजन देर शाम तक भक्ति रस में डूबा रहा। मंदिर परिसर भजनों की मधुर गूंज, रंग-बिरंगे फूलों और भक्तिमय वातावरण से आलोकित हो उठा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी रही। राधा और कृष्ण की भूमिका में नताशा शर्मा एवं मेघा शर्मा ने भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी सजीव अभिव्यक्ति और आकर्षक वेशभूषा ने दर्शकों को ब्रज की फाग लीला का सजीव अनुभव कराया। उपस्थित महिलाओं ने “फाल्गुन आयो रे” सहित पारंपरिक फाग भजनों पर झूमते हुए माहौल को आनंदमय बना दिया।

फाग उत्सव परंपरागत रूप से फाल्गुन माह में मनाया जाता है, किंतु महिला मंडल की सदस्यों ने बताया कि ऐसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन वर्षभर समय-समय पर किए जाते हैं, ताकि भक्ति और परंपरा की निरंतरता बनी रहे। उत्सव का उद्देश्य केवल पर्व मनाना नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और धार्मिक संस्कारों को सशक्त करना भी है।

कार्यक्रम में लगभग सभी सदस्याएं पारंपरिक फगुनिया साड़ियों में सजी नजर आईं, जो समारोह का विशेष आकर्षण रहीं। रंग-बिरंगी साड़ियों, पारंपरिक आभूषणों और उत्साह से भरे चेहरों ने पूरे मंदिर परिसर को जीवंत बना दिया। भजन-कीर्तन, नृत्य और फूलों की होली के बीच श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Post