डेस्क न्यूज
16 February, 2026
अन्य
नीमच। शहर के फव्वारा चौक पर सोमवार शाम एक सड़क हादसे ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। कैंट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में एक कार बस से टकरा गई, जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार क्रमांक केए-44 एम-7593 फव्वारा चौक से एसपी कार्यालय की ओर जा रही थी। पेट्रोल पंप के पास सवारी के लिए खड़ी एक बस से कार अचानक जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। हालांकि कार चालक और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक कथित रूप से नशे की हालत में था, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
स्थिति सामान्य होने पर मार्ग पर आवागमन सुचारू कर दिया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला निपटा लिया और पुलिस में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।