डेस्क न्यूज
14 February, 2026
अन्य
नीमच। बढ़ते विवाह खर्च और दिखावे की होड़ के बीच शहर में एक सराहनीय पहल सामने आई है। समाज में सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहित करने और जरूरतमंद परिवारों को सहारा देने के उद्देश्य से शेख सैयद मुगल पठान जिला कमेटी ने निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार रात रोडवेज बस स्टैंड स्थित हाजी ज़ाहिद खान के कार्यालय पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 5 अप्रैल 2026, रविवार को 11 जोड़ों का निःशुल्क निकाह कराया जाएगा। यह सम्मेलन आम मुस्लिम समाज के पात्र जोड़ों के लिए खुला रहेगा।
समिति ने स्पष्ट किया कि आयोजन का उद्देश्य केवल विवाह कराना नहीं, बल्कि बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा करना है। नवविवाहित दंपतियों को घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री भी भेंट की जाएगी, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत आत्मसम्मान और सुविधा के साथ कर सकें।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में विवाह समारोहों में बढ़ता खर्च कई परिवारों पर आर्थिक बोझ बनता जा रहा है। ऐसे में सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक एकजुटता और सहयोग की मिसाल है। कार्यक्रम की सफलता के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय कर तैयारियां शुरू करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में संरक्षक फिरोज पठान, जिलाध्यक्ष हाजी ज़ाहिद खान, उपाध्यक्ष आज़म खान, सचिव इकबाल पठान, हनीफ पठान, डॉ. महमूद खान, मौलाना नियाज़ निज़ामी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समिति का यह कदम निश्चित ही समाज में सादगी, सहयोग और सकारात्मक सोच को मजबूती देने वाला साबित होगा।