डेस्क न्यूज
14 February, 2026
अन्य
नीमच। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे विशेष नशा मुक्ति अभियान के बीच थाना नीमच सिटी पुलिस ने ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसने तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया। 13 फरवरी 2026 को की गई इस सख्त कार्रवाई में पुलिस ने एक ही प्रकरण में भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 145 क्वार्टर देशी प्लेन शराब और 620 क्वार्टर देशी मसाला शराब, कुल 137.7 लीटर अवैध मदिरा बरामद की है। साथ ही एक अल्टो कार और दो दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी नीमच किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
घटना का विवरण
13 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक अल्टो कार में अवैध शराब भरकर मनासा नाका क्षेत्र से होकर निकाली जा रही है। सूचना मिलते ही थाना नीमच सिटी पुलिस ने मनासा नाका पर तत्काल नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद मालखेड़ा फंटा की ओर से आ रही अल्टो कार क्रमांक एमपी 07 सीडी 8241 तथा उसके साथ चल रहे एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को पुलिस ने रोक लिया।
वाहन की तलाशी और खुला राज
तलाशी के दौरान अल्टो कार की डिक्की में भारी मात्रा में देशी शराब के क्वार्टर भरे मिले। गिनती करने पर 145 क्वार्टर देशी प्लेन शराब और 620 क्वार्टर देशी मसाला शराब बरामद हुई। कुल मात्रा 137.7 लीटर निकली। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर ली तथा अल्टो कार, एक मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 44 एमएसआर 1380 और एक बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी भी कब्जे में ले ली।
जब्त सामग्री में अल्टो कार की कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये, मोटरसाइकिल की कीमत 95 हजार रुपये तथा शराब की कीमत 76 हजार 500 रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती 3 लाख 21 हजार 500 रुपये की है।
5 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में विजय सिंह पिता मानसिंह राजपूत (21 वर्ष) निवासी आपु खेड़ी थाना नारायणगढ़ जिला मंदसौर, गोविंद सिंह पिता भंवरसिंह सौंधिया राजपूत (30 वर्ष) निवासी आपु खेड़ी थाना नारायणगढ़ जिला मंदसौर, कृष्णपाल पिता मदनसिंह पंवार राजपूत (35 वर्ष) निवासी उमाहेड़ा थाना नीमच सिटी, अशोक पिता दयाराम नायक (40 वर्ष) निवासी बोरखेड़ी पानखेड़ी तथा रतनसिंह पिता मांगूसिंह सौंधिया राजपूत (40 वर्ष) निवासी आपु खेड़ी थाना नारायणगढ़ जिला मंदसौर शामिल हैं।
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना नीमच सिटी में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों से अवैध शराब के स्रोत और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।