ताजासमाचार

नाबालिग को बंधक बनाने का आरोप, शिकायत के बाद लौट रहे ग्रामीणों पर हमला |  पैसों के लालच में साजिश की आशंका

डेस्क न्यूज 12 February, 2026 अन्य

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम गिरदोड़ा में एक नाबालिग बालिका को लेकर विवाद और शिकायत के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने एक महिला और दो पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवंती (परिवर्तित नाम) नामक नाबालिग के पिता का लगभग एक वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। उसकी दो बड़ी बहनों का विवाह हो चुका है। पिता की मृत्यु के बाद ग्रामीणों ने सहयोग राशि एकत्र कर करीब एक लाख रुपये की एफडी मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में बालिका के नाम से करवाई थी। दुर्घटना से संबंधित मुआवजा प्रकरण भी न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही सरोज बाई और सुरेंद्र सोनी नाबालिग को अपने पास रख रहे हैं और स्वयं को उसका संरक्षक बताते हुए न्यायालय में आवेदन भी प्रस्तुत किया है। परिजनों का कहना है कि यह कदम संभावित मुआवजा राशि और एफडी को लेकर उठाया गया है। पिछले कुछ महीनों से बालिका को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

मामले को लेकर जितेंद्र सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सिटी थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद लौटते समय आरोपियों ने ग्रामीणों का रास्ता रोककर गाली-गलौज और हाथापाई की। एक युवक द्वारा धारदार हथियार दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने किसी तरह वहां से हटकर स्थिति को संभाला।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित पक्ष लोगों को विभिन्न कानूनी धाराओं में फंसाने की धमकी देता रहा है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन लेकर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर तथ्यात्मक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों और परिजनों ने नाबालिग की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Related Post