ताजासमाचार

तकनीकी खामी से थमा गरीबों का हक ! प्रदेश सहित नीमच में पीडीएस वितरण बंद, लाखों परिवार परेशान

डेस्क न्यूज 11 February, 2026 अन्य

नीमच। पूरे प्रदेश के साथ नीमच जिले में भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की व्यवस्था बीते चार - पांच दिनों से पूरी तरह चरमराई हुई है। सर्वर डाउन होने के कारण उचित मूल्य की दुकानों पर लगी ओएस मशीनें काम नहीं कर रहीं, जिससे राशन वितरण ठप हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कई दुकानों पर ताले लटके हैं और हितग्राही खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।

फरवरी माह में अब तक जिले में केवल 15.07 प्रतिशत राशन ही वितरित हो सका है, जो व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक परेशानी सामने आ रही है, जहां गरीब और जरूरतमंद परिवार रोजाना दुकान के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते उन्हें अनाज नहीं मिल पा रहा।

उपभोक्ताओं का कहना है कि महीने की शुरुआत में राशन न मिलने से घर का बजट बिगड़ गया है। कई परिवार ऐसे हैं जो पूरी तरह पीडीएस के अनाज पर निर्भर हैं। लगातार पांच दिनों से वितरण बंद रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वही इस पुरे मामले में जिला खाद्य अधिकारी आरएन दिवाकर ने बताया कि सर्वर संबंधी समस्या पूरे प्रदेश में आ रही है। तकनीकी टीम समाधान के प्रयास में जुटी है, लेकिन व्यवस्था कब तक सामान्य होगी, यह स्पष्ट नहीं है।

फिलहाल जिले में लाखों परिवार इंतजार में हैं कि सर्वर कब चालू होगा और उन्हें उनका हक का राशन मिल पाएगा। तकनीकी खामी ने एक बार फिर व्यवस्था की निर्भरता और जमीनी चुनौतियों को उजागर कर दिया है।

Related Post