ताजासमाचार

सांसद सुधीर गुप्ता की प्रेस वार्ता पर पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू की तीखी टिप्पणी

डेस्क न्यूज़ 07 February, 2026 राजनीति

नीमच। मंदसौर-नीमच संसदीय क्षेत्र के सांसद  सुधीर गुप्ता द्वारा केंद्र सरकार के बजट 2026-27 पर आयोजित पत्रकार वार्ता ने क्षेत्रवासियों की उम्मीदों को निराश किया है। सात पन्नों का बजट, 28 मिनट का लंबा भाषण और विकसित भारत-2047 का सपना तो दिखाया गया, लेकिन सबसे अहम सवाल — नीमच-मंदसौर को इस बजट में क्या मिला — इसका कोई ठोस, तथ्यात्मक जवाब सामने नहीं आ सका।
पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू ने त्वरित टिप्पणी में कहा कि यह वार्ता बीते कई वर्षों की पुनरावृत्ति जैसी रही, जहां हर बार की तरह इस बार भी बजट को 2047 के विकसित भारत की दृष्टि से पेश किया गया। जबकि सच्चाई यह है कि बजट हर वर्ष का लेखा-जोखा होता है, न कि केवल दूर के सपनों का दस्तावेज़।
डॉ. जाजू ने सवाल उठाया कि पिछले एक दशक में जिन अधोसंरचनात्मक योजनाओं को विकसित भारत-2047 की नींव बताया गया — पेयजल, रेल, उद्योग, शिक्षा, हवाई संपर्क और पर्यटन — वे आज तक मंदसौर-नीमच संसदीय क्षेत्र में धरातल पर क्यों नहीं उतर पाईं। यदि पुरानी घोषणाएं ही अमल में नहीं आ सकीं, तो बजट 2026-27 में प्रस्तावित नई अधोसंरचनाओं का भविष्य क्या होगा, यह गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को तीसरी बार सांसद बने  सुधीर गुप्ता से यह अपेक्षा थी कि वे केंद्रीय बजट में घोषित योजनाओं का वास्तविक लाभ संसदीय क्षेत्र तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे और पत्रकार वार्ता में इन्हें स्पष्ट रूप से रखेंगे।
दुर्भाग्यपूर्ण है कि सांसद अपने संसदीय दायित्वों और कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते नजर नहीं आए।
परिणामस्वरूप, मंदसौर-नीमच संसदीय क्षेत्र आज भी उन बुनियादी अधोसंरचनाओं से वंचित है, जो उसे अन्य विकसित संसदीय क्षेत्रों की श्रेणी में खड़ा कर सकें।
बजट में बड़े विज़न की बातें हुईं, लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि क्षेत्रीय विकास की रफ्तार अब भी सवालों के घेरे में है।

Related Post