डेस्क न्यूज
07 February, 2026
अन्य
नीमच। आध्यात्मिक चेतना, लोक कल्याण और विश्व शांति की कामना के साथ ग्राम रायसिंहपुरा में आयोजित त्रि-दिवसीय पञ्चकुण्डीय रुद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शनिवार को भव्य एवं दिव्य वातावरण में समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया, जिसका समापन महा-पूर्णाहूति एवं मंदिर शिखर पर कलश स्थापना के साथ संपन्न हुआ।
महायज्ञ के अंतिम दिन ब्रह्म मुहूर्त में भगवान शिव परिवार का 1000 कलशों के पवित्र जल से सहस्त्रधारा महाभिषेक किया गया। वैदिक विद्वान ब्राह्मणों के सान्निध्य में शास्त्रोक्त विधि से न्यास, स्नपन एवं प्राण-प्रतिष्ठा की प्रक्रिया संपन्न हुई, जिससे पूरा वातावरण मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा।
दोपहर में अभिजीत मुहूर्त के दौरान मंदिर शिखर पर भव्य स्वर्ण कलश की स्थापना की गई। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए रायसिंहपुरा सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यज्ञ के मुख्य पंडित नारायण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों तक चले पञ्चकुण्डीय रुद्र महायज्ञ में प्रतिदिन लगभग 55 यजमान जोड़ों ने सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न औषधियों, जड़ी-बूटियों एवं घी के माध्यम से करीब ढाई लाख आहुतियां अर्पित की गईं।
महोत्सव के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं, बहनें एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। यज्ञाचार्य के अनुसार यह संपूर्ण आयोजन शुक्ल यजुर्वेदीय परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्य और विश्व शांति है।