न्यूज डेस्क
05 February, 2026
अन्य
नीमच | जिले में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान के मुआवजे, फसल बीमा भुगतान में देरी, अफीम को फसल बीमा में शामिल करने एवं मनरेगा बचाओ अभियान एवं किसानों की समस्याओ को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी नीमच द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ एक विशाल जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। यह प्रदर्शन रविवार, 8 फरवरी को दोपहर 1:30 बजे स्थानीय भारत माता फॉर जीरो चौराहा पर होगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार आयोजित इस आंदोलन में मुख्य रूप से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे और क्षेत्र के किसानों की समस्याओं और उनके हक की आवाज को बुलंद करेंगी।
बाहेती ने आंदोलन के मुख्य मुद्दे बताते कहा की जिले में हाल ही में हुई भीषण ओलावृष्टि से फसलों में भारी नुकसान हुआ है जिससे किसानों की कमर टूट गई है। सरकार तत्काल नुकसानी का सर्वे कराकर बिना विलंब राहत राशि वितरित करे साथ ही जिले के हजारों किसान पिछली फसलों के फसल बीमा से अभी तक वंचित हैं। उनके खातों में बीमा क्लेम की राशि तुरंत जमा की जाए। बाहेती ने बताया कि आंदोलन में अफीम का मुद्दा भी मुख्य रहेगा क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग है कि अफीम की फसल को भी बीमा योजना एवं राजस्व मुआवजे के दायरे में लाया जाए ताकि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में काश्तकारों को नुकसान न उठाना पड़े एवं केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर करने और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम योजना से हटाने के प्रयासों का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। विरोध प्रदर्शन के पश्चात सभी मांगों के निराकरण के लिए महामहिम राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से पीड़ित किसान भाइयों से कहा है की 8 फ़रवरी रविवार को दोपहर 1:30 बजे किसान हित की इस लड़ाई में अधिक से अधिक संख्या में भारत माता चौराहा पहुंचकर इस आंदोलन को सफल बनाएं और ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल हों।