न्यूज डेस्क
05 February, 2026
अन्य
नीमच। गांव की सत्ता संभाल रही एक महिला सरपंच का यूं जहरीले पदार्थ से मौत के मुंह में समा जाना कई सवाल खड़े कर रहा है । बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनियाना की महिला सरपंच विद्या बाई प्रजापत (48) का गुरुवार सुबह नीमच जिला अस्पताल में निधन हो गया। अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ सेवन करने की यह घटना न सिर्फ चौंकाने वाली है, बल्कि कई सवाल भी खड़े कर रही है।
जानकारी के अनुसार बीती शाम महिला सरपंच ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। रात भर चले इलाज के दौरान उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी रही, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। वही आज गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद बघाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। महिला सरपंच द्वारा जहर सेवन करने के पीछे के कारण अभी रहस्य बने हुए हैं। यह आत्मघाती कदम था या इसके पीछे कोई दबाव, विवाद या साजिश—इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। एक जनप्रतिनिधि की इस तरह मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।