न्यूज डेस्क
03 February, 2026
अन्य
नीमच। सड़क पर हुई एक लापरवाही ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल वैष्णव बैरागी समाज के व्यक्ति संजय बैरागी को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर श्री वैष्णव बैरागी समाज सड़कों पर उतर आया और मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
समाज ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि 25 जनवरी 2026 को शाम करीब 7 बजे ग्राम रामनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए यश शर्मा पिता कमलेश शर्मा ने संजय बैरागी को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि संजय बैरागी बुरी तरह घायल हो गए। वर्तमान में उनका उपचार राजस्थान के निजी अस्पताल में जारी है, जहां इलाज पर भारी खर्च हो चुका है।
समाज का आरोप है कि दुर्घटना के बाद आरोपी पक्ष द्वारा किसी भी प्रकार की सहायता नहीं की गई, जिससे पीड़ित परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से समाज में आक्रोश व्याप्त है।
वैष्णव बैरागी समाज ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो उन्हें आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ेगा।