न्यूज डेस्क
14 May, 2025
प्रशासनिक
नीमच – पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में आज पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, महिला सुरक्षा उप पुलिस अधीक्षक सुश्री निकीता सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में जायसवाल ने विभिन्न आपराधिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों और अधिकारियों को कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, एवं अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश निम्नानुसार हैं:
बसों की सघन चेकिंग अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज व यात्री बसों की जांच हेतु निर्देशित किया गया।
ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत लापता बच्चों की दस्तयाबी में तेजी लाने को कहा गया।
आपातकालीन स्थितियों से निपटने आपदा प्रबंधन में सभी विभागों से तालमेल बनाए रखने की हिदायत दी गई।
शस्त्र लाइसेंसी, विस्फोटक भंडारण, सिम विक्रेताओं, पेट्रोल पंप संचालन संबंधी नियमों के कड़ाई से पालन की बात दोहराई गई।
महिला अपराधों, गंभीर अपराधों, लंबित मामलों एवं फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गौ-तस्करी, जुआ, सट्टा, अवैध शराब, NDPS एक्ट के मामलों में त्वरित व पारदर्शी कार्रवाई करने की बात कही गई।
सीएम हेल्पलाइन, स्थायी वारंट, रात्रि गश्त, और थाना क्षेत्र में सतत भ्रमण पर विशेष जोर दिया गया।
नफीस ऐप, ई-साक्ष्य, आईसीजेएस जैसे डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध रासुका, जिला बदर, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।
बैठक के दौरान जायसवाल ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और हर थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता बनाए रखें।