न्यूज डेस्क
30 January, 2026
अन्य
नीमच। जांगिड़ ब्राह्मण समाज जवाहर नगर नीमच के तत्वावधान में 49वां श्री विश्वकर्मा जन्म महोत्सव पूरे उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया जा रहा है। जन्म महोत्सव की श्रृंखला के अंतर्गत समाज द्वारा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिनका शुभारंभ गुरुवार 29 जनवरी को हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। पहले दिन ड्राइंग एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें समाज की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष सुरेश शर्मा, महामंत्री प्रवीण शर्मा एवं कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि विश्वकर्मा जन्म महोत्सव समाज में एकता, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
शुक्रवार 30 जनवरी को खेलकूद प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान, गायत्री मंदिर के सामने नीमच पर बालक एवं बालिका वर्ग के लिए विभिन्न आयु वर्गों में दौड़ प्रतियोगिता एवं स्लो साइकिल रेस का आयोजन किया गया। इसके पश्चात पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए स्लो स्कूटी रेस आयोजित हुई, जिसमें समाजजन ने उत्साह के साथ भाग लिया।
इसी क्रम में जांगिड़ ब्राह्मण समाज भवन, 127 जवाहर नगर नीमच पर महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। साथ ही 12 से 18 वर्ष की बालिकाओं एवं सभी आयु वर्ग की महिलाओं के लिए चेयर रेस, चम्मच रेस, 6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता तथा सामाजिक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। रात्रि 8 बजे भगवान श्री विश्वकर्मा की कथा एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
महोत्सव की श्रृंखला में शनिवार 31 जनवरी को सुबह 9 बजे हवन एवं गणपति पूजन, दोपहर 12:30 बजे भव्य श्री विश्वकर्मा शोभायात्रा, शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह तथा शाम 6:30 बजे महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सदस्य विनय जांगिड़, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।