ताजासमाचार

नीमच में यातायात नियमों पर सख्ती: व्यस्त चौराहों पर चला विशेष अभियान, 70 से ज्यादा वाहन चालकों पर कार्रवाई

न्यूज डेस्क 30 January, 2026 अन्य

नीमच। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नीमच यातायात पुलिस ने गुरुवार को विशेष सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन एवं यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगूजर के नेतृत्व में यह अभियान शहर के व्यस्ततम मैसी फर्ग्यूसन शोरूम चौराहा और लायंस पार्क चौराहा पर संचालित किया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। तेज आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों को रोककर चालान काटे गए, वहीं नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन, तीन सवारी बैठाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट न पहनने जैसे गंभीर मामलों में भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 70 से अधिक चालान बनाए गए। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई केवल दंड के लिए नहीं, बल्कि जनहित और जागरूकता के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी विकसित हो और सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। यातायात विभाग ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध ऐसे सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Related Post