ताजासमाचार

मंदसौर में खुलेगा आस्था का भव्य लोक, सीएम मोहन यादव आज करेंगे पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण

डेस्क न्यूज 29 January, 2026 अन्य

मंदसौर। अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में निर्मित भव्य श्री पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण आज गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। सिवना नदी के तट पर लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह लोक प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देगा।
लोकार्पण कार्यक्रम आज 29 जनवरी को दोपहर 3 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि संशोधित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे मल्हारगढ़ में सोयाबीन फसल की भावांतर योजना के अंतर्गत हितलाभ का वितरण सिंगल क्लिक के माध्यम से करेंगे। इसके पश्चात वे पशुपतिनाथ मंदिर परिसर पहुंचकर पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण करेंगे।
महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित इस लोक में शिव परिवार की भव्य प्रतिमाएं, विशाल डमरू, सुंदर कॉरिडोर, गार्डन, सरोवर, भक्ति सामग्री की दुकानें और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगी। पशुपतिनाथ लोक के निर्माण से मंदसौर धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा।

Related Post