ताजासमाचार

माली समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: देवस्थान से अतिक्रमण हटाने की माँग

न्यूज डेस्क 13 May, 2025

नीमच/जावद। ग्राम अठाना स्थित भैरूजी देवस्थान एवं कुँआ-बावड़ी से अवैध अतिक्रमण हटाने की माँग को लेकर मंगलवार को फुलेरिया माली समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने आरोप लगाया कि उक्त स्थल पर विगत वर्षों से एक व्यक्ति द्वारा गैरकानूनी रूप से कब्जा कर लिया गया है, जिससे समाज को धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से वंचित किया जा रहा है।

 

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम अठाना की सर्वे भूमि क्रमांक 1120 से 1126 तक के खसरे में वर्ष 1963-64 से लेकर 1993-94 तक "भैरूजी का चबुतरा" अंकित था, जिसे बाद में मनमाने ढंग से हटवा दिया गया। इसी प्रकार सर्वे क्रमांक 1116 में स्थित शासकीय कुँआ-बावड़ी, जिसे "भैरूकुंड" के नाम से जाना जाता है, पर भी अवैध कब्जा कर समाज की धार्मिक परंपराओं में विघ्न डाला जा रहा है।

समाज का आरोप है कि अतिक्रामक द्वारा चबुतरे पर जाने वाली सीढ़ियों को भी हटा दिया गया है, साथ ही पूर्वजों की मूर्तियाँ भी हटाई गई हैं। यह कृत्य समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला है। साथ ही, अब चबुतरे के चारों ओर की भूमि पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे परिक्रमा की परंपरा भी बाधित हो गई है।

माली समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि जब वे धार्मिक कार्यक्रमों के लिए वहाँ पहुँचते हैं, तो अतिक्रामक द्वारा गाली-गलौच व धमकियाँ दी जाती हैं। समाज ने प्रस्तुत दस्तावेजों और प्रमाणों के आधार पर प्रशासन से माँग की है कि अतिक्रमण हटाकर स्थल को धार्मिक गतिविधियों के लिए पुनः उपलब्ध कराया जाए।

समाजजनों ने माँग की है कि प्रशासन तत्काल स्थल का निरीक्षण कर अतिक्रामक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करे और देवस्थान को अतिक्रमण मुक्त कराएं।

Related Post