डेस्क न्यूज
28 January, 2026
अन्य
नीमच। नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए आबकारी विभाग नीमच ने बुधवार को ऐसा कदम उठाया, जिसने अवैध शराब माफियाओं को साफ संदेश दे दिया—कानून से खेला, तो माल मिट्टी में मिलेगा!
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के सख्त निर्देशों के तहत जिले में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में दर्ज लगभग 2600 प्रकरणों में जब्त की गई करीब 9 लाख रुपए मूल्य की 4400 लीटर मदिरा, मदिरा निर्माण सामग्री एवं न्यायालय से प्राप्त मुद्देमाल का औपचारिक नष्टीकरण किया गया।
जेसीबी और रोड रोलर से हुआ नशे का अंत
यह पूरी कार्रवाई ग्राम भोलियावास स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में 28 जनवरी 2026 को अंजाम दी गई। डिप्टी कलेक्टर पराग जैन की अध्यक्षता में गठित नष्टीकरण समिति द्वारा, जिला आबकारी अधिकारी बसंत कुमार भीटे के निर्देशन में, जेसीबी और रोड रोलर की मदद से जब्त शराब को नष्ट किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी कार्रवाई
नष्टीकरण की इस सख्त और पारदर्शी कार्रवाई मेंसहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंगाड़ा, आबकारी उपनिरीक्षक संजय कुमार कवारे, पंकज राठौर, दीपक आंजना, आबकारी विभाग का स्टाफ, नगर पालिका एवं ट्रेचिंग ग्राउंड स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
नशा मुक्त नीमच की दिशा में ठोस कदम
इस कार्रवाई को प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के रूप में देखा जा रहा है। स्पष्ट है कि नीमच जिले में अवैध शराब, तस्करी और नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आबकारी विभाग का यह एक्शन न केवल कानून का पालन है, बल्कि समाज को नशे से मुक्त करने की दिशा में एक मजबूत संदेश भी है।