डेस्क न्यूज
27 January, 2026
अन्य
नीमच। जिले के कुमारिया विरान क्षेत्र में गली और नाली पर अतिक्रमण से परेशान एक महिला ने जिला जनसुनवाई अधिकारी, नीमच को आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की है।
प्रार्थीया कलाबाई पत्नी राजु उर्फ राजेन्द्र सैनी, निवासी कुमारिया विरान ने शिकायत में बताया कि उनके मकान के पीछे लगभग चार फीट चौड़ी गली है, जिसमें नाली बनी हुई है। उनके अनुसार, लोकेश सैनी द्वारा इस गली और नाली पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण किया जा रहा है। इतना ही नहीं, मकान की खिड़की के सामने लेथ-बाथरूम भी बनाया गया है, जिससे नाली पूरी तरह से बंद हो गई है।
नाली बंद होने के कारण नियमित सफाई नहीं हो पा रही है और गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बना हुआ है। कलाबाई ने बताया कि नाली से उठती गंदी बदबू के कारण घर के कमरों में रहना भी मुश्किल हो गया है और परिवार के सदस्यों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में पहले भी आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
प्रार्थीया ने जिला जनसुनवाई अधिकारी से मांग की है कि लोकेश सैनी द्वारा गली और नाली पर किए जा रहे अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए, ताकि गली खुली रहे, नाली की नियमित सफाई हो सके और क्षेत्र का वातावरण स्वच्छ बना रहे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की अपील की है।