ताजासमाचार

शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के विरोध में ग्राम डसानी की महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुँचीं, कार्रवाई की मांग को लेकर दिया धरना

डेस्क न्यूज़ 27 January, 2026 अन्य

नीमच | नीमच जिले के ग्राम डसानी में शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा मंगलवार को खुलकर सामने आ गया। बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं।
महिलाओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराया जाता, तब तक उनका धरना समाप्त नहीं होगा।
ग्राम डसानी निवासी रीना कुंवर चारण ने बताया कि गांव की यह शासकीय भूमि वर्षों से ग्रामीणों के उपयोग में रही है, जिसका इस्तेमाल पशु चराने और अन्य सामुदायिक जरूरतों के लिए किया जाता रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम रावली-देवली निवासी विक्रम नागदा एवं गुजर समाज के एक व्यक्ति द्वारा उक्त भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है।
रीना कुंवर चारण के अनुसार, कब्जाधारी गांव के लोगों को डराने-धमकाने के साथ शिकायत करने पर जान से मारने की धमकियां भी दे रहे हैं। महिलाओं का आरोप है कि अवैध कब्जे की मंशा से शासकीय भूमि पर पानी की टंकियां और अन्य निर्माण कार्य कर दिए गए हैं।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि इस गंभीर मामले को लेकर कलेक्टर और संबंधित विभागों में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की इस उदासीनता से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
धरने पर बैठी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Post