डेस्क न्यूज़
27 January, 2026
अन्य
नीमच | नीमच जिला जेल परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर जेल का माहौल पूरी तरह राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नज़र आया। प्रातः 9 बजे जेलर नारायण सिंह राणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने सभी कैदियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के पश्चात जेल परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तूफान ऑर्केस्ट्रा के कलाकारों ने “ऐ मेरे वतन के लोगों”, “संदेसे आते हैं” और “वंदे मातरम्” जैसे देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। देशभक्ति के तरानों पर बंदी भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
रोजमर्रा की सख्त दिनचर्या से अलग यह आयोजन बंदियों के लिए यादगार बन गया, जिसने उनके चेहरों पर मुस्कान और मन में नई ऊर्जा भर दी। पूरा वातावरण देशभक्ति और सकारात्मकता से ओत-प्रोत नज़र आया।
इस अवसर पर श्री नवकार सेवा संस्थान नीमच द्वारा बंदियों को विशेष मिष्ठान वितरित किया गया। संस्थान की नीमच शाखा की संस्थापक अध्यक्ष कल्पना मोगरा ने योग, प्राणायाम और मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनके नियमित अभ्यास से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और सही दिशा में निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने बंदियों से सकारात्मक सोच बनाए रखने, आत्मपरिवर्तन की राह अपनाने और भविष्य में सम्मानजनक जीवन जीने का संदेश दिया। संस्थान की अध्यक्ष माया वीरवाल एवं अन्य सदस्यों ने भी बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जेल प्रशासन, समाजसेवी, श्री नवकार सेवा संस्थान के पदाधिकारी, पत्रकारगण, जेल स्टाफ सहित महिला एवं पुरुष बंदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन बाबू तूफान द्वारा किया गया, जबकि श्री नवकार सेवा संस्थान की सचिव भावना चौधरी ने आभार व्यक्त किया।