ताजासमाचार

श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने पर नीमच के इंद्रानगर में भव्य रामधुन प्रभात फेरी, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का ऐतिहासिक संगम

डेस्क न्यूज़ 23 January, 2026 अन्य

नीमच। जिले के इंद्रानगर क्षेत्र में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य और दिव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को राममय वातावरण में बदल दिया और श्रद्धा, भक्ति तथा सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश दिया।

22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ प्रारंभ हुई रामधुन प्रभात फेरी इंद्रानगर में पिछले दो वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है। इसी पावन परंपरा के दो वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को विशाल रामधुन प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रामभक्तों का स्वागत किया गया।

यह आयोजन इंद्रानगर स्थित मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव का हिस्सा है, जिसमें रामधुन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। आयोजकों द्वारा पुरुषों से सफेद कुर्ता-पजामा और महिलाओं से पीली साड़ी पहनकर सहभागिता का आह्वान किया गया, जिससे आयोजन की भव्यता और एकरूपता और अधिक बढ़ गई।

इस अवसर पर नीमच नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक सनातनी के लिए गर्व का विषय है। रामधुन के माध्यम से समाज में समरसता, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता से ही परंपराएं जीवित रहती हैं।

मंशापूर्ण बालाजी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनीष चौधरी ने बताया कि 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद श्रीरामलला का भव्य मंदिर में विराजमान होना ऐतिहासिक क्षण था। उसी भावना के साथ इंद्रानगर में प्रतिदिन प्रातः रामधुन प्रभात फेरी निकाली जा रही है, जिसे क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने निरंतर जीवंत बनाए रखा है। द्वितीय वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित यह रामधुन श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बन गई।

पूरे आयोजन के दौरान “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा और नीमच ऐतिहासिक रामधुन प्रभात फेरी का साक्षी बना।

Related Post