डेस्क न्यूज
22 January, 2026
अन्य
नीमच | रतलाम जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की दो-बत्ती चौकी में पदस्थ आरक्षक हरिसिंह बावरी द्वारा शराब के नशे में अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह वारदात बुधवार रात करीब 8 बजे नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम केलुखेड़ा में हुई, जहां पीड़िता अपने मायके में रह रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जीवनबाला डिलीवरी के बाद पिछले करीब छह माह से अपने मासूम बच्चे के साथ मायके में निवास कर रही थी। बुधवार रात अचानक आरोपी आरक्षक हरिसिंह बावरी शराब के नशे में ससुराल पहुंचा और घर में घुसते ही गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़िता के अनुसार, जब जीवनबाला की मां ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनका गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने चाकू निकालकर पत्नी जीवनबाला पर हमला कर दिया। हमले के दौरान बचाव करते समय जीवनबाला की उंगलियां गंभीर रूप से कट गईं और वह लहूलुहान हो गई।
घटना के बाद परिजन तत्काल घायल महिला को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। अस्पताल में भर्ती जीवनबाला ने बताया कि उसका पति लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा है तथा वर्दी और पद का रौब दिखाकर उसे डराता-धमकाता था।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपी आरक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।