डेस्क न्यूज
21 January, 2026
अन्य
नीमच। नीमच तहसील की ग्राम पंचायत कनावटी अंतर्गत स्थित सर्वे नंबर 665 एवं 666 की शासकीय भूमि को सार्वजनिक प्रयोजन के लिए सुरक्षित रखने की मांग को लेकर गाडिया लोहार घुमक्कड़ समाज सहित अन्य प्रभावित परिवारों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों पर रोक लगाने और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रतापनगर क्षेत्र में गाडिया लोहार घुमक्कड़ समाज के लगभग 400 से 500 परिवार वर्ष 1980 से पूर्व से निवासरत हैं। शासन द्वारा समाज को घुमक्कड़ श्रेणी में मान्यता दिए जाने के बाद राजीव गांधी आश्रय योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्थायी आवास उपलब्ध कराए गए, लेकिन आज तक समाज को मांगलिक भवन, खेल मैदान और अन्य आवश्यक सामुदायिक सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं।
समाजजनों ने बताया कि सर्वे नंबर 665 एवं 666 की शासकीय भूमि का एक हिस्सा आवासीय प्रयोजन में उपयोग किया जा चुका है, जबकि शेष भूमि वर्तमान में शासकीय खुली भूमि के रूप में उपलब्ध है। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस भूमि को मांगलिक भवन एवं खेलकूद मैदान के लिए सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी को लेकर ग्राम पंचायत को निर्देश देकर उक्त भूमि पर बाउंड्रीवॉल निर्माण की अनुमति देने की मांग की गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ भू-माफिया तत्वों द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं और गरीब मजदूरों व झोपड़ीवासियों को बेदखल करने का दबाव बनाया जा रहा है। पंचायत द्वारा स्वीकृत प्री-कास्ट बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य को भी झूठी एवं निराधार शिकायतों के माध्यम से रुकवाने का प्रयास किया जा रहा है।
समाज ने कलेक्टर से मांग की है कि शासकीय भूमि को सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाए, अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गरीब व कमजोर वर्ग के परिवारों को बिना उचित कारण बेदखल न किया जाए। साथ ही समाज के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सामुदायिक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं।