ताजासमाचार

जीते-जी सेवा, मृत्यु के बाद भी पुण्य… दड़ौली की कमला देवी नागौरी का महान संकल्प, देहदान से अमर हुई सेवा भावना

मनीष नायक 20 January, 2026 अन्य

नीमच। सेवा, संवेदनशीलता और मानवता की अनुपम मिसाल प्रस्तुत करते हुए नीमच जिले के ग्राम दड़ौली निवासी 80 वर्षीय स्वर्गीय कमला देवी नागौरी, पत्नी स्वर्गीय पारसमल नागौरी ने अपने देहावसान के बाद भी समाज के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। उनकी अंतिम इच्छा के अनुरूप परिजनों द्वारा देहदान एवं नेत्रदान किया गया, जिससे चिकित्सा शिक्षा, शोध और नेत्रहीनों के जीवन में रोशनी का मार्ग प्रशस्त हुआ।
स्वर्गीय कमला देवी नागौरी मृदुभाषी, धार्मिक प्रवृत्ति और समाजसेवा के प्रति समर्पित महिला थीं। उन्होंने अपने जीवनकाल में सदैव सेवा, सद्भाव और परोपकार को सर्वोपरि रखा। जीवन के अंतिम पड़ाव पर भी उन्होंने ऐसा निर्णय लिया, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गया। उनका स्पष्ट संकल्प था कि मृत्यु के उपरांत उनका पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज को दान किया जाए, जिससे भावी चिकित्सकों की शिक्षा और चिकित्सा अनुसंधान को सहयोग मिल सके। साथ ही नेत्रदान के माध्यम से उन्होंने किसी दृष्टिहीन के जीवन में उजाला लाने का पुण्य कार्य किया।
यह पुण्य कार्य लायंस क्लब की प्रेरणा और सक्रिय सहभागिता से संपन्न हुआ। लायंस क्लब अध्यक्ष सुनील शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्लब के निरंतर प्रयासों के तहत यह 54वां देहदान है। उन्होंने आमजन से देहदान और नेत्रदान जैसे महादान के प्रति जागरूक होकर आगे आने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम हैं।

दड़ौली से नीमच पहुंची देहदान यात्रा 
देहदान यात्रा ग्राम दड़ौली से नीमच स्थित लायन डेन पहुँची, जहां से बैंड-बाजों के साथ पार्थिव शरीर को वीरेंद्र कुमार सकलेचा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज परिसर में स्वर्गीय कमला देवी नागौरी के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया, इसके पश्चात विधिवत प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सौंपा गया।
ग्राम दड़ौली में निकली उनकी अंतिम यात्रा में दड़ौली सरपंच प्रवीण नागौरी, पत्रकार विमल जैन, मोरवन जैन श्री संघ अध्यक्ष विनोद जैन, हीरालाल जैन मोरवन, भरत सिसोदिया, हेमंत थोरेचा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय कमला देवी नागौरी के इस महान निर्णय को नमन करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

Related Post