ताजासमाचार

महिलाओं के अपमान पर भाजपा महिला मोर्चा का उग्र प्रदर्शन, विधायक फूल सिंह बरैया का पुतला दहन

डेस्क न्यूज़ 19 January, 2026 अन्य

नीमच। महिलाओं के खिलाफ कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का आक्रोश रविवार को फोर ज़ीरो भारत माता चौराहा पर खुलकर सामने आया। भाजपा महिला मोर्चा एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक बरैया का पुतला दहन कर जोरदार नारेबाजी की और उनके बयान की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शन के दौरान माहौल आक्रोशपूर्ण रहा और महिलाओं के सम्मान को लेकर सख्त संदेश दिया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा महिलाओं के प्रति अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे बयान न केवल महिला समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा महिलाओं के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।

विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि फूल सिंह बरैया का बयान समस्त महिला वर्ग का घोर अपमान है। कांग्रेस पार्टी को इस गंभीर विषय पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी स्वयं इस मामले में संज्ञान लें, विधायक से इस्तीफा दिलवाया जाए और वे अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की मीना जायसवाल, किरण शर्मा, छाया जायसवाल, निलेश पाटीदार, दारा सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र और सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Post