डेस्क न्यूज़
18 January, 2026
अन्य
नीमच | पुराने शहर नीमच सिटी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 चावला कॉलोनी (त्रिवेणी नगर) में GBS (गिलियन-बैरे सिंड्रोम) का संदिग्ध मामला सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया है। 19 वर्षीय युवक उदयपुर के एक निजी अस्पताल में 29 दिसंबर से भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह वेंटिलेटर पर उपचाररत है। चिकित्सकों ने युवक को GBS संदिग्ध बताया है।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। चावला कॉलोनी में उस ट्यूबवेल के पानी के सैंपल लिए गए, जिसका उपयोग रोगी एवं उसके परिजन कर रहे थे। सैंपलिंग की कार्रवाई नगरपालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया की मौजूदगी में जलकल टीम द्वारा की गई। लिए गए सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट किया कि “फिलहाल यह मामला संदिग्ध है, इसकी पुष्टि की प्रक्रिया जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।” उन्होंने कहा कि नागरिक घबराएं नहीं, प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
GBS संदिग्ध सूचना के बाद इलाके में हलचल जरूर है, लेकिन प्रशासन ने आमजन से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्वास्थ्य इंतजाम भी किए जाएंगे।