ताजासमाचार

इंदौर में तय होगी हिंदू संगठनों की आगामी रणनीति, विहिप–बजरंग दल की प्रांत बैठक में जुटेगा मालवा, नीमच–मंदसौर से वरिष्ठ पदाधिकारी होंगे शामिल

डेस्क न्यूज 15 January, 2026 राजनीति

नीमच | हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों, संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की एक महत्वपूर्ण प्रांत स्तरीय बैठक 16 से 18 जनवरी 2026 तक इंदौर के देपालपुर में आयोजित की जा रही है। इस बैठक को मालवा प्रांत के लिए दिशा तय करने वाली रणनीतिक बैठक माना जा रहा है, जिसमें नीमच और मंदसौर जिले से बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी भाग लेंगे।
नीमच जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक केवल औपचारिक नहीं, बल्कि संगठन की आगामी भूमिका, अभियान और विस्तार की दृष्टि से बेहद अहम है। बैठक में विहिप के केंद्रीय सह संगठन मंत्री विनायक राव तथा केंद्रीय मंत्री एवं भोपाल क्षेत्र पालक अजेय पारिक का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जिससे संगठन को वैचारिक और सांगठनिक दिशा मिलेगी।

संगठन के हर आयाम पर मंथन

विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रांत बैठक में विभाग स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें संगठन मंत्री, मंत्री, सहमंत्री, संयोजक, सह संयोजक के साथ-साथ मातृ शक्ति (दुर्गा वाहिनी) की संयोजिका एवं सह संयोजिका, नैतिक शिक्षा विभाग के प्रमुख और जिले से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी भाग लेकर मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।

 मालवा क्षेत्र पर रहेगा विशेष फोकस

 इस बैठक में मालवा क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों, सामाजिक विषयों, संगठनात्मक मजबूती और आने वाले समय में होने वाले अभियानों पर गहन मंथन किया जाएगा। नीमच-मंदसौर जैसे सीमावर्ती जिलों से पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी इस बात का संकेत है कि संगठन ग्राउंड लेवल पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में है।

Related Post