डेस्क न्यूज़
15 January, 2026
अन्य
नीमच | शहर के सिंधी सोशल ग्रुप द्वारा लोहड़ी पर्व के पावन अवसर पर नई कार्यकारिणी के गठन के साथ भव्य शपथ समारोह का आयोजन किया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच समाजजनों ने लोहड़ी पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान लोहड़ी माता के समक्ष नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को समाजसेवा, संगठन के हितों की रक्षा तथा सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने के लिए निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई गई। शपथ समारोह ने पूरे आयोजन को गरिमा और प्रेरणा से भर दिया।
नवगठित कार्यकारिणी में महेश साहनी को अध्यक्ष, दीपक बुधवानी को सचिव तथा विनोद पारवानी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं महिला कार्यकारिणी की जिम्मेदारी हेमा सुगंधी को अध्यक्ष, तनीषा बदलानी को सचिव और गरिमा बालानी को कोषाध्यक्ष के रूप में सौंपी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह टीम समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगी तथा सिंधी समाज की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी भाईचारे को और अधिक मजबूत करेगी।
लोहड़ी पर्व का यह आयोजन सौहार्द, उत्साह और सामूहिक एकजुटता का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।