डेस्क न्यूज़
14 January, 2026
अन्य
नीमच \ जीरन। बुधवार सुबह जीरन के बाबा रामदेव रामधुन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में नगरवासी राम नाम का जप करते हुए सीधे जीरन थाना पहुंचे। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा लाउडस्पीकर को लेकर की जा रही शिकायतों पर गहरी नाराजगी जताई और इसे वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा में अनावश्यक बाधा बताया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांधीनगर क्षेत्र में पिछले 32 वर्षों से निरंतर प्रभात फेरी और रामधुन का आयोजन किया जा रहा है, जो पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर आज तक पूरे क्षेत्र में किसी भी वर्ग या समाज द्वारा कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है। विशेष बात यह है कि इस परंपरा में सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे के साथ न केवल सहभागिता करते हैं, बल्कि सहयोग भी प्रदान करते हैं।
नगरवासियों का आरोप है कि क्षेत्र के ही निवासी राकेश पिता वालूराम दशोरा द्वारा लगातार पुलिस को लाउडस्पीकर को लेकर झूठी शिकायतें की जा रही हैं, जबकि पुलिस की पहली समझाइश के बाद ही मंदिर के पुजारी ने लाउडस्पीकर की आवाज कम कर दी थी। इसके बावजूद बार-बार शिकायत दर्ज कर धार्मिक कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
आक्रोशित नगरवासियों ने जीरन थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि गांधीनगरवासियों की सामूहिक भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए वर्षों से चली आ रही प्रभात फेरी और रामधुन को सुचारु रूप से जारी रखने की अनुमति प्रदान की जाए।