ताजासमाचार

उल्लास–4 के समापन पर सांदीपनि विद्यालय में सम्मान समारोह प्रतिभा, परिश्रम और संस्कारों को मिला मंच, मेधावी छात्राएं हुईं सम्मानित

डेस्क न्यूज़ 12 January, 2026 अन्य

नीमच | सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में वार्षिक उत्सव “उल्लास–4” के समापन अवसर पर सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और आत्मविश्वास ही जीवन में सफलता की सच्ची कुंजी हैं। छात्राएं यदि लक्ष्य तय कर निरंतर परिश्रम करें, तो कोई भी मुकाम असंभव नहीं है।
कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष नीलेश पाटीदार, सेवा भारती विभाग संयोजक नारायण, पर्यावरण विभाग संयोजक यशवंत यादव, मनीष शर्मा, शिक्षा अधिकारी सूजान माल मगरिया, विद्यालय के प्राचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय द्वारा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
समारोह के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास झलकता नजर आया। वहीं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर छात्राओं को आगे भी मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उल्लास–4 का यह समापन समारोह छात्राओं के लिए प्रेरणा, प्रोत्साहन और नई ऊर्जा लेकर आया।

Related Post