ताजासमाचार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शताब्दी वर्ष: नीमच में एक साथ 8 भव्य हिन्दू सम्मेलन

डेस्क न्यूज़ 11 January, 2026 अन्य

नीमच। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में एक साथ 8 विभिन्न स्थानों पर भव्य हिन्दू सम्मेलनों का सफल आयोजन किया गया। इन सम्मेलनों के माध्यम से हिन्दू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया गया। सुबह से ही शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जनवरी को प्रातः 11 बजे से सिद्धि विनायक गणेश मंदिर न्यू इंदिरा नगर, इंदिरा नगर मांगलिक भवन, श्रीकृष्ण मंदिर ग्वालटोली, गौधाम बालाजी मंदिर किलेश्वर रोड, सीएसपी कार्यालय के पास शास्त्री नगर बगीचा, वीनू वाटिका जवाहर नगर, सरस्वती शिशु मंदिर विकास नगर एवं भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सम्मेलन आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।

सम्मेलनों की शुरुआत भव्य शोभायात्राओं से हुई, जिनमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। इसके पश्चात संत-सत्संग, प्रेरणादायी उद्बोधन और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ स्थापना काल से ही हिन्दू समाज की एकता, पुनर्जागरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करता आ रहा है।

कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, जल संरक्षण अपनाने और स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। साथ ही सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

हिन्दू सम्मेलन संचालन समिति के अनुसार इससे पूर्व 4 जनवरी को शहर के 6 स्थानों पर आयोजित सम्मेलनों को समाज का व्यापक समर्थन मिला था, जिसमें हजारों नागरिकों ने सहभागिता कर हिन्दू समाज की एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया था। उसी क्रम में रविवार को हुए इन आयोजनों ने समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

सभी सम्मेलनों का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ। आयोजकों ने शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सक्रिय सहभागिता से ही ऐसे आयोजन सफल होते हैं। इन सम्मेलनों के माध्यम से शताब्दी वर्ष को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।

Related Post