डेस्क न्यूज
09 January, 2026
अन्य
नीमच। वैष्णव बैरागी समाज द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी जगतगुरु श्री रामानंदाचार्य जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। शुक्रवार को आयोजित इस भव्य आयोजन का मुख्य केंद्र नीमच का टाउन हॉल रहा, जहां समाजजनों की बड़ी उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः10 बजे नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टाउन हॉल पहुंची। इसमें संत-महात्मा, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में शामिल हुए। भगवा ध्वज, भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।शोभायात्रा के पश्चात टाउन हॉल में धर्मसभा का आयोजन किया गया। संतों के सान्निध्य में आयोजित धर्मसभा में जगतगुरु श्री रामानंदाचार्य जी के जीवन, दर्शन और उनके द्वारा चलाए गए भक्ति आंदोलन पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि रामानंदाचार्य जी ने सामाजिक समरसता, समानता और भक्ति के मार्ग से समाज को नई दिशा दी तथा जाति-भेद से ऊपर उठकर रामभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पवन पाटीदार (प्रदेश अध्यक्ष, पिछड़ा मोर्चा), भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा को आमंत्रित किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में जगतगुरु रामानंदाचार्य जी के विचारों को आज के समाज के लिए प्रासंगिक बताया और समाजजनों को उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
आयोजन समिति के अनुसार इस कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अंत में प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।